हमीरपुर, दिनांक 21 फरवरी 2026- हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी विकास संघ, शिमला द्वारा सहायक पंजीयक सहकारी सभाएं, हमीरपुर के अंतर्गत विकास खण्ड नादौन की सहकारी सभाओं के प्रबंधन समिति सदस्यों एवं कर्मचारियों के लिए एक दिवसीय सहकारी शिक्षा शिविर का आयोजन Batran CAS में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लॉक इंस्पेक्टर सहकारिता विभाग, नादौन श्री दिनेश कुमार एवं निदेशक जिला सहकारी संघ (DCU) श्री कमल किशोर द्वारा की गई। शिविर में लगभग 62 प्रबंधन समिति सदस्य एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। इस अवसर पर सहकारी शिक्षा अनुदेशक श्री बलवंत सिंह ने सहकारी सभाओं के प्रति सदस्यों के अधिकारों एवं कर्तव्यों पर प्रकाश डालते हुए भारत सरकार द्वारा संचालित विभिन्न परियोजनाओं जैसे पेट्रोल पंप, गैस एजेंसी, कॉमन सर्विस सेंटर तथा सहकारी सभाओं में विविधीकरण की नीति अपनाने संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की, ताकि सहकारी संस्थाओं का व्यवसायिक विस्तार सुनिश्चित किया जा सके। इस अवसर पर ब्लॉक इंस्पेक्टर सहकारिता विभाग, नादौन श्री दिनेश कुमार ने सहकारी सभाओं की लेखा परीक्षण (ऑडिट) प्रक्रिया के संबंध में विस्तृत जानकारी दी तथा समयबद्ध अभिलेख संधारण पर बल दिया। शिविर का मुख्य उद्देश्य सहकारी सभाओं को सुदृढ़, पारदर्शी एवं आत्मनिर्भर बनाना रहा।
/