अन्तर्राष्ट्रीय सहकारिता वर्ष 2025 के अवसर पर दिनांक 13 जून 2025 को जिला ऊना के अम्ब क्षेत्र में प्रबंधक समिति के सदस्यों तथा कर्मचारियों के लिए एक दिवसीय सहकारी प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में कुल 70 प्रतिभागियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। पूर्व अध्यक्ष, हिमाचल प्रदेश सहकारी सभाएं कर्मचारी संघ श्री सर्वजीत सिंह ठाकुर ने अन्तर्राष्ट्रीय सहकारिता वर्ष के उपलक्ष्य में सहकारी सभाओं की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि: “सहकारिता केवल एक संस्था नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक प्रभावशाली पद्धति है, जिसके माध्यम से समाज में आर्थिक एवं सामाजिक विकास सुनिश्चित किया जा सकता है।” कार्यक्रम में श्री सीता राम धीमान, प्रधान कुठेड़ा खैरला एवं सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य ने भी अपने विचार प्रस्तुत करते हुए कहा कि: “सदस्यों को सहकारी सभा से जुड़े अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों की समुचित जानकारी होनी चाहिए, ताकि वे सभा द्वारा प्रदान की जाने वाली सुविधाओं का पूर्ण लाभ उठा सकें।” इसके अतिरिक्त, श्री बलवन्त सिंह, सहकारी शिक्षा अनुदेशक, विकास संघ ने सहकारिता दिवस 2025 के संदर्भ में सदस्यों को सहकारिता के महत्व, अधिनियम, नियमों एवं उपविधियों में हुए परिवर्तनों की जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि सहकारी सभाओं के माध्यम से केवल ऋण एवं बचत ही नहीं, बल्कि पेट्रोल पंप, गैस एजेंसी, जन औषधि केंद्र, लोकमित्र केंद्र, इलेक्ट्रॉनिक्स और फर्नीचर बिक्री केंद्र जैसी सुविधाएं भी सदस्यों को उपलब्ध कराई जा रही हैं।
/